🏆 लीडरबोर्ड 📢 विज्ञापन दें 🔐 Login 📝 Reporter Register
— विज्ञापन —
Photo: Nine policemen including the in-charge of Mubarakpur town post suspended, stir in the department

मुबारकपुर कस्बा चौकी के प्रभारी समेत नौ पुलिसकर्मी निलंबित, विभाग में मचा हड़कंप

Share:
| | 👁️ 95 | 📍 Azamgarh

आजमगढ़ के मुबारकपुर कस्बा चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक समेत 9 पुलिसकर्मी निलंबित। पक्षपात, लापरवाही और अवैध पटाखा भंडारण की जानकारी नहीं होने पर एसएसपी की कार्रवाई।

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र की कस्बा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। चौकी पर तैनात एक उपनिरीक्षक समेत आठ आरक्षियों को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सभी के विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है।

पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कस्बा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ पक्षपातपूर्ण एवं शोषणपूर्ण कार्रवाई करने, सरकारी कर्तव्यों की अनदेखी कर निजी और आर्थिक लाभ को प्राथमिकता देने तथा पदीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप सामने आए थे।

निलंबित उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा पर एक आवेदिका के प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने और राजकीय कर्तव्यों के विपरीत कार्य करने का आरोप है। इसके अलावा चौकी से कुछ ही मीटर की दूरी पर अवैध पटाखों का भंडारण होने के बावजूद इसकी जानकारी नहीं होने को भी गंभीर लापरवाही माना गया है।

वहीं, चौकी पर तैनात आठ आरक्षियों पर पक्षपातपूर्ण एवं शोषणपूर्ण कार्रवाई करने, निजी और आर्थिक लाभ को सरकारी दायित्वों से ऊपर रखने, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप हैं।

इन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई

निलंबित उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा हैं। वहीं आरक्षियों में हरेन्द्र कुमार सिंह, विनय यादव, कुलदीप सरोज, सत्येन्द्र कुमार यादव, शैलेन्द्र कुमार, मुकुन्द लाल मिश्रा, मुशाहिद रजा और सुजीत यादव शामिल हैं।

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

🔗 और लिंक देखें

🔥 ताज़ा खबरें

📈 ट्रेंडिंग खबरें