अपराध
योगा टीचर की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, गिरोह का सरगना गिरफ्तार
|
📅 02 Aug 2026, 06:34 PM
|
👁️ 61
|
📍 Azamgarh
आजमगढ़। सरकारी स्कूल और एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को मुबारकपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 17 फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य कूटरचित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुबारकपुर की रहने वाली सुजाता जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रितेश वर्मा, संदीप गुप्ता और उनके अन्य साथियों ने सरकारी स्कूलों और एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर प्रति अभ्यर्थी 1.35 लाख रुपये वसूले। बाद में उन्हें 'Max Idea' के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र देकर धोखा दिया गया।
शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत शनिवार को कस्बा चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा और उनकी टीम ने सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी रितेश वर्मा (40) को रोडवेज तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 17 फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करता था। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने कई अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।