रौनापार, आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में फायरिंग कर चार लाख रुपये और दो सोने की चेन लूटने की सूचना देने का मामला जांच में झूठा निकला। पुलिस ने मामले में खेतापुर गांव निवासी मिथिलेश गौतम (23) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर को मिथिलेश गौतम ने सूचना दी थी कि देवरिया रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग करते हुए उसका हैंडबैग छीन लिया। उसने बैग में चार लाख रुपये नकद और दो सोने की चेन होने की बात बताई थी।
घटना की सूचना पर रौनापार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान फायरिंग और लूट की सूचना असत्य पाई गई।
पुलिस के अनुसार, जानबूझकर गलत सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में 23 अक्टूबर को मिथिलेश गौतम के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी घटना की सूचना देते समय सही तथ्यों की जानकारी दें और पुलिस को गुमराह करने से बचें।


