अपने 10 किमी दायरे में आने वाली खबरों के तुरंत अपडेट पाएं
लोड हो रहा है...
अपराध
बैंक में रुपये जमा-निकासी करने वालों को बनाते थे निशाना, कागज की गड्डी थमाकर उड़ाते थे नकदी; पुलिस मुठभेड़ में सरगना समेत तीन गिरफ्तार
Share:
|📅 25 Nov 2026, 09:24 AM|👁️ 113|📍 Azamgarh
बैंक में मदद के नाम पर भरोसा जीतते थे, फिर असली नोट लेकर हाथ में थमा देते थे कागज की गड्डी! जीयनपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया।
आजमगढ़। बैंक से रुपये निकालकर या जमा करने जा रहे लोगों को निशाना बनाकर टप्पेबाजी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का जीयनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बुधवार सुबह महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में गिरोह का सरगना अमित साहनी दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों शिवा साहनी और सुनील साहनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से टप्पेबाजी के 19,100 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने जीयनपुर क्षेत्र में दो वारदातों को अंजाम दिया था। पहली घटना 10 अगस्त 2026 की है। धर्मराज चौहान बड़ौदा यूपी बैंक अजमतगढ़ में रुपये जमा करने पहुंचे थे। जमा पर्ची भरने में मदद के बहाने दो लोगों ने उन्हें विश्वास में लिया और शंकर जी की मूर्ति के पास ले जाकर 74 हजार रुपये ले लिए। बदले में उन्हें कागज की गड्डी थमा दी गई।
दूसरी घटना 29 अक्टूबर की है। आशीष कुमार की बुजुर्ग बुआ इंडियन बैंक जीयनपुर से 49 हजार रुपये निकालकर जा रही थीं। रास्ते में तीन लोगों ने उन्हें बातों में उलझाकर बैग बदल दिया और नकदी लेकर फरार हो गए। दोनों घटनाओं में कुल 1 लाख 23 हजार रुपये की ठगी हुई थी।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बैंक के अंदर और बाहर नकदी लेकर आने-जाने वाले लोगों की रेकी करते थे। फिर मदद करने या अधिक रुपये देने का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाते और असली रुपये लेकर कागज की गड्डी थमा देते थे।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जीयनपुर पुलिस टीम बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन लोगों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, बाइक फिसलने के बाद एक आरोपी ने बबूल के पेड़ की आड़ से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह की दाहिनी कनपटी के पास से निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अमित साहनी घायल हो गया और बाकी दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ आजमगढ़, देवरिया, बुलंदशहर, कुशीनगर, गोरखपुर और महराजगंज में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। मामले में जीयनपुर थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जितेंद्र यादव | संपादक द पब्लिक एक्सप्रेस
मै पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हू। मैने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के कई प्रतिष्ठित संस्थानों के लिए काम करते हुए जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है। स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, राजनीति, प्रशासन और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को करीब से कवर करने का उनका लंबा अनुभव है। मेरा मानना है कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक तस्वीर सामने रखना और जनता की आवाज को जिम्मेदारी के साथ उठाना है।