- आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के ग्राम सदरपुर (शाहपुर) में कुँवर नदी किनारे मिले प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात हुई मुठभेड़ में एक आरोपी मो. साबिर को पैर में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर को नदी किनारे खेत में दो प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने के बाद थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं।
- पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल कुछ आरोपी हथियार लेकर सदरपुर से कादनपट्टी की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो चार आरोपी भागने लगे। इनमें से तीन अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को पुलिस ने घेर लिया। पुलिस का दावा है कि घिरे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और चेतावनी के बावजूद दोबारा फायर करने का प्रयास किया। इसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान मो. साबिर पुत्र स्व. शकील, निवासी शाहपुर (सदरपुर), थाना सरायमीर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से 315 बोर का देशी तमंचा, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस, एक चापड़, दो चाकू और लकड़ी का गोलाकार ठीहा बरामद करने की बात कही है। घटनास्थल से फील्ड यूनिट ने खूनआलूदा व सादा मिट्टी, हैंड स्वाब समेत अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य भी संकलित किए हैं। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने तीन साथियों सैफ, आजम उर्फ पप्पू और असजद के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे ने किया।- व्यक्ति का नाम


