अन्य
आजमगढ़ में रिश्वतखोर दरोगा गिरफ्तार: मकान निर्माण शुरू कराने के नाम पर मांगे थे 15 हजार रुपये
📅 09 May 2026, 17:46
👁️ 1 व्यूज
आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां चौकी फरिहा पर तैनात एक उपनिरीक्षक को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी दरोगा पर मकान निर्माण कार्य शुरू कराने के एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना निजामाबाद क्षेत्र के क्यामुद्दीन पट्टी उर्फ परसहाँ निवासी शहजाद अहमद ने 7 मई 2026 को क्षेत्राधिकारी सदर के समक्ष लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चौकी फरिहा पर तैनात उपनिरीक्षक परमात्मा यादव मकान निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के नाम पर 15 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना निजामाबाद में मु0अ0सं0 116/26 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई।
09 मई 2026 को क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा और पुलिस टीम ने आरोपी दरोगा परमात्मा यादव को थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि विभाग में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है और किसी भी दोषी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से आम जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ेगा। वहीं जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।