द पब्लिक एक्सप्रेस
) आजमगढ़ में दो बड़ी पुलिस मुठभेड़: निजामाबाद और फूलपुर में 4 गोतस्कर गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
अन्य

आजमगढ़ में दो बड़ी पुलिस मुठभेड़: निजामाबाद और फूलपुर में 4 गोतस्कर गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

📅 05 Mar 2026, 07:09 👁️ 1 व्यूज
आजमगढ़: जनपद में गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को दो बड़ी सफलता मिली है। निजामाबाद और फूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। इन मुठभेड़ों में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में की गई। निजामाबाद में मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर घायल पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक निंजामाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस टीम रंगभरी होली के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम के मामले में वांछित अभियुक्त मेराज अपने साथी नासिर के साथ बिना नंबर प्लेट की बाइक से जा रहा है। पुलिस ने नेवादा पुल के पास घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मेराज के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी नासिर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, एंड्रॉयड मोबाइल, चोरी की बाइक और 840 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मेराज के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगेस्टर एक्ट समेत 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में पुलिस ने तीन गोतस्करों को किया गिरफ्तार फूलपुर में भी पुलिस-बदमाश मुठभेड़ वहीं दूसरी घटना में फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया के पास कुंवर नदी में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मुडियार गांव के पास पुलिया के पास कुछ बदमाश किसी वारदात की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मो. आमिर के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी साकिब और युसुफ को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मौके से पुलिस ने अवैध तमंचा, कारतूस, दो चापड़ और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे सुनसान स्थानों पर गोवंश का वध कर अवैध रूप से मांस की बिक्री करते थे और सबूत मिटाने के लिए अवशेष नदी या जमीन में फेंक देते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

संबंधित खबरें