अन्य
आजमगढ़ : राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से पत्रकार की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप
📅 31 Jan 2026, 14:23
👁️ 1 व्यूज
आजमगढ़। जनपद के बुढनपुर तहसील अंतर्गत ग्राम बांसी जप्ती माफी निवासी व पत्रकार आलोक मिश्रा ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जा कराए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित पत्रकार का कहना है कि उनकी गाटा संख्या 153 की भूमि पर कानूनगो जयराम यादव की मिलीभगत से अवैध रूप से कब्जा कराया जा रहा है।
आलोक मिश्रा के अनुसार, इस मामले को लेकर उन्होंने पूर्व में ही उच्च अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया था, जिस पर प्रशासन द्वारा पैमाइश (पीएम) भी गठित की गई थी। इसके बावजूद आरोप है कि संबंधित कानूनगो द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए विपक्षियों को जमीन पर निर्माण कार्य कराने की खुली छूट दी जा रही है।
पीड़ित का आरोप है कि प्रशासनिक प्रक्रिया के बावजूद उनकी जमीन पर निर्माण कराकर उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। यह पूरा मामला न केवल सरकारी नियमों के खिलाफ है, बल्कि प्रशासनिक आदेशों की भी अवहेलना दर्शाता है।
पत्रकार आलोक मिश्रा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अवैध निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाया जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कानूनगो के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा उन्हें उनकी जमीन पर सुरक्षा और न्याय दिलाया जाए।
फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।