अन्य
50 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, अंतरप्रांतीय गिरोह का खुलासा
📅 21 Apr 2026, 15:52
👁️ 1 व्यूज
Azamgarh। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मेंहनगर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी वांछित गैंगस्टर विकास सोरण को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हरियाणा का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में थाना देवगांव क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप बरामद हुई थी, जो हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी। जांच के दौरान इस अंतरप्रांतीय गिरोह का खुलासा हुआ, जिसका सरगना सुनील कुमार पुनिया बताया गया। गिरोह का सदस्य विकास सोरण भी इस अवैध कारोबार में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
मामले में गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। उस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार और पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
हाल ही में चलाए गए विशेष अभियान के तहत एसटीएफ फील्ड यूनिट प्रयागराज और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर आजमगढ़ लाया गया, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।