🏆 लीडरबोर्ड 🔐 Login 📝 Register
Photo: Deal to pass exam for ₹6 lakh, one more arrested in UPSSSC cheating case
अपराध

₹6 लाख में परीक्षा पास कराने की डील, UPSSSC नकल कांड में एक और गिरफ्तार

Share:
| 📅 11 Aug 2026, 07:21 PM | 👁️ 49 | 📍 Azamgarh

आजमगढ़ में UPSSSC नकल कांड में बड़ा खुलासा, ₹6 लाख में अभ्यर्थी को पास कराने की डील के आरोप में वाराणसी निवासी एक और आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद।

आजमगढ़। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में हुई UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में नकल कराने के मामले में पुलिस ने कथित अंतर्जनपदीय नकल गिरोह के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अभ्यर्थी को परीक्षा में पास कराने के लिए ₹6 लाख में सौदा तय हुआ था। नकल के लिए हियरिंग डिवाइस और ब्लूटूथ उपकरण उपलब्ध कराए गए थे।
यह मामला 9 अगस्त को सामने आया था, जब परीक्षा के दौरान वाराणसी निवासी अभ्यर्थी आलोक पटेल संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ा गया था। तलाशी में उसके कान से हियरिंग डिवाइस और अंडरवियर में छिपा ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुआ था। डिवाइस में सिम कार्ड और बैटरी लगी थी। मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर आलोक को जेल भेजा जा चुका है।
जांच में सामने आया नकल गिरोह का कनेक्शन
पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना आगे बढ़ने पर नकल कराने वाले गिरोह से जुड़े लोगों के नाम सामने आए। इसी आधार पर मंगलवार को पुलिस ने वीरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू (31) निवासी कुरौना सरौनी, थाना जंसा, वाराणसी को आजमगढ़ के प्राइवेट बस अड्डे से गिरफ्तार किया। उसके पास से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
₹15 हजार एडवांस देने का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों आनंद पटेल और कुश पटेल के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने की व्यवस्था करने वाले लोगों से संपर्क किया था। पुलिस के मुताबिक, आलोक पटेल को पास कराने के लिए ₹6 लाख में सौदा तय हुआ था और उपकरण उपलब्ध कराने के बदले ₹15 हजार एडवांस लिए गए थे।
पुलिस अब पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ के कोतवाली थाने के मुकदमे के अलावा वाराणसी के फूलपुर थाने में भी पहले से एक मामला दर्ज बताया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

🔗 और लिंक देखें

📈 ट्रेंडिंग खबरें