अन्य
कोडीन कफ सिरप से खड़ा ‘काला साम्राज्य’ ध्वस्त: 50.9 लाख की अवैध संपत्ति जब्त, ई-कोर्ट के आदेश पर बड़ी कार्रवाई
📅 01 May 2026, 14:13
👁️ 1 व्यूज
आजमगढ़: जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की करीब ₹50.9 लाख की अवैध संपत्ति जब्त (सीज/फ्रीज) कर दी है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना दीदारगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 319/25 की विवेचना के दौरान यह खुलासा हुआ कि अभियुक्त विकास सिंह उर्फ “नरवे” (निवासी ग्राम नरवे, आजमगढ़) ने कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार से भारी संपत्ति अर्जित की थी। जांच में पाया गया कि आरोपी ने इस अवैध कमाई से अपने पैतृक गांव में मकान का निर्माण कराया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹27,25,393 है।
इतना ही नहीं, आरोपी ने लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित शालीमार वन वर्ल्ड प्रोजेक्ट (Marvella GH-18) में एक आवासीय फ्लैट बुक कराया था, जिसकी कुल कीमत करीब ₹1.61 करोड़ बताई गई है। इस फ्लैट के लिए आरोपी द्वारा ₹23,64,978 की अग्रिम धनराशि जमा की गई थी, जिसे पुलिस ने फ्रीज करा दिया है।
साइबर क्राइम थाना के प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा की गई विवेचना में इन संपत्तियों को अपराध से अर्जित साबित किया गया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत फ्रीजिंग की कार्रवाई करते हुए मामला सक्षम प्राधिकारी (SAFEM, नई दिल्ली) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने उक्त संपत्तियों के जब्तीकरण का आदेश पारित कर दिया।
जब्त की गई संपत्तियां:
पैतृक गांव में बना मकान (लगभग ₹27.25 लाख)
लखनऊ स्थित फ्लैट की बुकिंग में जमा ₹23.64 लाख (फ्रीज)
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और धोखाधड़ी से जुड़े अपराध शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जनपद पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस की चेतावनी:
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उनकी पूरी संपत्ति जब्त की जाएगी, ताकि अपराध पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।