🏆 लीडरबोर्ड 🔐 Login 📝 Register
Photo: Big action against gangster in Azamgarh, land worth Rs 1.92 crore confiscated
अपराध

आजमगढ़ में गैंगस्टर पर बड़ी कार्रवाई, 1.92 करोड़ की जमीन कुर्क

Share:
| | 👁️ 47 | 📍 सगड़ी

आजमगढ़ में पुलिस ने टप्पेबाज गैंग के गैंगस्टर राज उर्फ सवारिया की अपराध से अर्जित बताई गई 1.92 करोड़ रुपये की 538.55 वर्ग मीटर जमीन कुर्क कर प्रशासनिक कब्जे में ले ली।

आजमगढ़। संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलरियागंज पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने गैंगस्टर राज उर्फ सवारिया और उसके गिरोह से जुड़ी अपराध से अर्जित बताई गई 538.55 वर्ग मीटर भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 92 लाख रुपये है, को कुर्क कर प्रशासनिक कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार, थाना जीयनपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे की विवेचना के दौरान सामने आया कि राज उर्फ सवारिया अपने साथियों के साथ संगठित गिरोह चला रहा था। गिरोह के सदस्य प्रयागराज महाकुंभ, काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी, अयोध्या राम मंदिर समेत धार्मिक स्थलों, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं के आभूषण और रुपये टप्पेबाजी व चोरी के जरिए पार करते थे। जांच में पुलिस ने दावा किया कि अपराध से अर्जित धन का इस्तेमाल जमीन खरीदने में किया गया। इनमें ग्राम नदौरा तकरकारी में 226.70 वर्ग मीटर और ग्राम गड़ेरी पट्टी में 311.85 वर्ग मीटर, कुल 538.55 वर्ग मीटर भूमि शामिल है। राजस्व विभाग के मूल्यांकन में जमीन की अनुमानित बाजार कीमत 1.92 करोड़ रुपये आंकी गई। पुलिस के मुताबिक संपत्ति खरीदने और ऋण की किश्तें चुकाने के लिए अभियुक्त के पास पर्याप्त वैध आय का स्रोत नहीं मिला। 14 अगस्त 2026 को जिला मजिस्ट्रेट के गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत पारित कुर्की आदेश के अनुपालन में पुलिस और राजस्व टीम ने मौके पर डुगडुगी पिटवाकर जमीन को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान थाना जीयनपुर और बिलरियागंज की पुलिस के साथ राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध से अर्जित संपत्तियों को कुर्क कर अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

🔗 और लिंक देखें

🔥 ताज़ा खबरें

📈 ट्रेंडिंग खबरें