अन्य
Azamgarh News: 'फ्री वाई-फाई' और 'अनजान लिंक' कर देंगे कंगाल! सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर अफसरों ने बताया डिजिटल सुरक्षा का 'मंत्र'
📅 10 Feb 2026, 17:40
👁️ 1 व्यूज
आजमगढ़ (Azamgarh News): इंटरनेट आज हमारी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा बन गया है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही जिन्दिगी भर की कमाई को एक झटके में खत्म कर सकती है। इसी खतरे को भांपते हुए और लोगों को 'डिजिटल कवच' देने के लिए आज हरिऔध कला केंद्र में एक विशेष पाठशाला लगी। मौका था 'सुरक्षित इंटरनेट दिवस 2026' (Safer Internet Day) का, जहाँ जिले के आला अधिकारियों ने छात्रों और आम जनता को साइबर ठगी से बचने के गुर सिखाए।
जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में प्रशासन, पुलिस और सूचना विभाग के अधिकारियों ने एक सुर में कहा— "सावधानी ही बचाव है।"
:दोस्त भी और दुश्मन भी
कार्यशाला में सबसे ज्यादा चर्चा आज के दौर की सबसे बड़ी तकनीक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर हुई। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) गंभीर सिंह और जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि AI शिक्षा और काम के लिए बेहतरीन है, लेकिन इसका दूसरा पहलू खतरनाक है।
डीपफेक (Deepfake) का खतरा: अधिकारियों ने बताया कि कैसे आपकी आवाज और चेहरे का इस्तेमाल करके नकली वीडियो बनाए जा रहे हैं।
प्राइवेसी से खिलवाड़: किसी भी AI टूल या ऐप का इस्तेमाल करते समय अपनी निजी जानकारी (Personal Data) शेयर न करें।
बैंकिंग फ्रॉड: फ्री वाई-फाई पड़ सकता है महंगा
अक्सर लोग रेलवे स्टेशन या पार्क में 'Free Wi-Fi' देखते ही कनेक्ट कर लेते हैं। साइबर एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी कि पब्लिक वाई-फाई पर कभी भी पैसों का लेनदेन (Transaction) न करें।
क्या करें और क्या नहीं:
बैंकिंग के लिए हमेशा बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट ही खोलें।
अपना पासवर्ड और पिन समय-समय पर बदलते रहें।
सोशल मीडिया पर आए किसी भी अनजान लिंक या वीडियो को बिना चेक किए फॉरवर्ड न करें।
ठगी हो जाए तो क्या करें?
साइबर सेल प्रभारी ओमप्रकाश जायसवाल और NIC अधिकारी चंदन यादव ने बताया कि अगर आप किसी ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो घबराएं नहीं। तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। जितनी जल्दी शिकायत होगी, पैसे वापस मिलने की उम्मीद उतनी ज्यादा होगी।
शपथ और वीडियो प्रेजेंटेशन
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, छात्रों और अध्यापकों ने इंटरनेट का जिम्मेदारी से उपयोग करने की शपथ ली। इस दौरान वेबसाइट www.staysafeonline.in पर उपलब्ध सुरक्षा वीडियो भी दिखाए गए।
ये रहे मौजूद:
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), एआईजी स्टाम्प, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, डीपीआरओ, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर और नेटवर्क इंजीनियर समेत कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें...Azamgarh Cyber Crime: "गंदे वीडियो देखते हो, अब होगी गिरफ्तारी!" फर्जी पुलिस की धमकी से डरे शख्स के ₹26,500 रौनापार पुलिस ने कराए वापस