द पब्लिक एक्सप्रेस
) Azamgarh News: धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश नाकाम, सिधारी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
अन्य

Azamgarh News: धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश नाकाम, सिधारी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

📅 07 Apr 2026, 14:00 👁️ 1 व्यूज

आजमगढ़। जनपद के थाना सिधारी क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को भंग करने की एक गंभीर कोशिश को पुलिस ने अपनी तत्परता से नाकाम कर दिया है। मस्जिद के गेट पर नशे की हालत में खाली बोतल फेंककर तनाव पैदा करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सलाखों के पीछे भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 5 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:00 बजे की है। सिधारी थाना क्षेत्रांतर्गत कस्बा स्थित एक मस्जिद के गेट पर विक्रान्त सिंह पुत्र अशोक कुमार सिंह, निवासी खैरातपुर ने शराब के नशे में खाली बोतल फेंक दी थी। इस कृत्य से क्षेत्र में धार्मिक उन्माद फैलने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।

पुलिस की सक्रियता और कार्रवाई

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नगर एवं थाना प्रभारी सिधारी भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने वहां एकत्रित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की इस सूझबूझ से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने पाई।

​पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 109/2026 धारा 298 बीएनएस (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया। सिधारी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी विक्रान्त सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और अब आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जनता से अपील

आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी उन्मादी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया और संदिग्ध गतिविधियों पर 24 घंटे पैनी नजर रख रहा है। नागरिकों से अपील है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।

संबंधित खबरें