अन्य
आजमगढ़ : मदर शारदा कान्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव संपन्न — मंत्री ओम प्रकाश राजभर बोले, ग्रामीण प्रतिभाएं किसी से कम नहीं
📅 25 Mar 2026, 16:43
👁️ 2 व्यूज
आजमगढ़ जिले के शिक्षा क्षेत्र कोयलसा अंतर्गत सरिया बाजार स्थित मदर शारदा कान्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां शारदा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव में प्रस्तुत की गई प्रतिभाएं अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इस स्तर की प्रस्तुति आमतौर पर बड़े शहरों के महंगे विद्यालयों में देखने को मिलती है, लेकिन यहां के बच्चों ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण प्रतिभाएं भी किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यहां के बच्चे भविष्य में अपने माता-पिता, गांव और देश का नाम रोशन करेंगे।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता रमाकांत मिश्रा ने कहा कि बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने इसका श्रेय बच्चों के साथ-साथ उन्हें तैयार करने वाले शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को दिया। विद्यालय के प्रबंधक आशुतोष चौबे की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षा विद के नेतृत्व में छात्र निश्चित ही नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
शाम 6 बजे से शुरू हुए इस भव्य कार्यक्रम में बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर दर्शक देर रात तक तालियां बजाने पर मजबूर हो गए। विशेष रूप से “ऑपरेशन सिंदूर” प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि व भाजपा नेता संतोष कुमार यादव, ब्लू बेल्स स्कूल के प्रबंधक व भाजपा युवा नेता हर्षित सिंह रोशन, पूर्व प्रधान महासंघ अध्यक्ष चंद्रजीत यादव, भाजपा नेता चंद्रजीत तिवारी, मनीष सिंह, हरीश तिवारी, उपेंद्र मिश्रा, पूर्व फौजी सुरेंद्र वर्मा, पूर्व प्रिंसिपल सौरभ चतुर्वेदी, हरकेश विश्वकर्मा, सत्यनारायण वर्मा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष फूलचंद यादव, पूर्व डीसीएफ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, सदानंद सिंह, सूरज श्रीवास्तव सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक आशुतोष चौबे ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में और भी भव्य आयोजन किए जाएंगे। वहीं संतोष चौबे ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि विद्यालय का प्रत्येक छात्र भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन करेगा।