अन्य
Azamgarh News: दहेज हत्या मामले में पति सास ससुर और देवर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
📅 09 Mar 2026, 10:21
👁️ 1 व्यूज
आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति समेत सास-ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को अजमतगढ़ इलाके से हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक यह मामला पिछले साल दिसंबर का है। पीड़ित पिता ने 23 दिसंबर 2025 को जीयनपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बड़ी गाड़ी और नगदी की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे। परिवार का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसकी बेटी की हत्या कर दी गई।
तहरीर के आधार पर जीयनपुर पुलिस ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे और उनकी तलाश की जा रही थी।
इसी बीच सोमवार (9 मार्च) को पुलिस को सूचना मिली कि मामले से जुड़े आरोपी अजमतगढ़ इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोगा साव तिराहा के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में जगदीश कुमार उर्फ छांगुर (पति), फूलचन्द (ससुर), संजीव कुमार (देवर) और रमावती देवी (सास) शामिल हैं। सभी आरोपी सुभाष चन्द्र बोस नगर वार्ड नंबर-2 अजमतगढ़, थाना जीयनपुर के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं मामले की आगे की जांच भी जारी है।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजय यादव, हेड कांस्टेबल केश्वेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल राजेश कुमार यादव और महिला कांस्टेबल अन्नू यादव शामिल रहे।