अन्य
Azamgarh News:पालतू कुत्ते को दबंग ने मारी गोली, एक गोली सीने में फंसी; पशु अस्पताल में चल रहा इलाज
📅 03 Feb 2026, 17:02
👁️ 1 व्यूज
Azamgarh Dog Shooting Case आजमगढ़ जिले के अहरौला के बस्ती भुजबल गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब पालतू कुत्ते को दबंग ने दो गोलियां मार दी। घटना के बाद पशु अस्पताल में कुत्ते का इलाज चल रहा है।
आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के बस्ती भुजबल गांव में सोमवार की रात करीब 8 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई। दबंग युवक ने एक पालतू कुत्ते को गोली मार दी। कुत्ते को दो गोलियां लगी हैं, जिनमें से एक गोली कान के नीचे से घाव करते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली सीने में फंसी हुई है। घायल कुत्ते का इलाज जिला पशु अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बस्ती भुजबल गांव निवासी हृदय नारायण शुक्ला ने अहरौला थाने में तहरीर दी है। इसमें उन्होंने बताया है कि सोमवार की रात उनके 17 वर्षीय पुत्र ऋषू शुक्ला अपने पालतू कुत्ते को भोजन कराने के बाद दरवाजे के सामने टहला रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दीपक चौबे और विवेक चौबे एक अन्य कुत्ते को लेकर उनके घर के सामने पहुंचे।
दूसरे कुत्ते को देखकर हृदय नारायण शुक्ला का कुत्ता भौंकने लगा, जिस पर दोनों युवक ऋषू शुक्ला को गाली देने लगे। जब ऋषू ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसी से नाराज होकर दोनों आरोपियों ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। कुत्ता अपने मालिक की रक्षा में आगे आ गया और गोली का शिकार हो गया। एक गोली कुत्ते के कान के नीचे लगी जबकि दूसरी सीने में जा फंसी।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। रात में ही पुलिस घायल कुत्ते को लेकर राजकीय पशु चिकित्सालय अहरौला पहुंची, लेकिन वहां कोई चिकित्सक उपलब्ध नहीं था। इसके बाद मंगलवार सुबह हिमांशु शुक्ला एवं अन्य लोग पुलिस अभिरक्षा में कुत्ते को जिला पशु अस्पताल आजमगढ़ ले गए, जहां उसका इलाज शुरू हुआ। चिकित्सकों के अनुसार सीने में फंसी गोली निकालने के लिए ऑपरेशन किया जाना है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि हृदय नारायण शुक्ला की तहरीर के आधार पर रात में ही दीपक चौबे और विवेक चौबे के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दीपक चौबे पहले भी कई मामलों में आरोपी रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।