द पब्लिक एक्सप्रेस
) आयुष्मान कार्ड के लिए नहीं काटने होंगे अस्पतालों के चक्कर, अब आपके कोटेदार और आशा बहू भी बनाएंगी 'गोल्डन कार्ड'
अन्य

आयुष्मान कार्ड के लिए नहीं काटने होंगे अस्पतालों के चक्कर, अब आपके कोटेदार और आशा बहू भी बनाएंगी 'गोल्डन कार्ड'

📅 16 Mar 2026, 09:26 👁️ 1 व्यूज

आज़मगढ़ (महाराजगंज): केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' का लाभ अब हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना और भी आसान हो गया है। शासन के निर्देश पर अब जनपद के पात्र लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों या बड़े अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी होगी। अब आपके नजदीकी राशन डीलर, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका और पीएचसी सखी भी आपका पंजीकरण कर सकेंगी।

ब्लॉक सभागार में बनी रणनीति सोमवार को महराजगंज ब्लॉक सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया। खंड विकास अधिकारी रामसागर सिंह और सीएचसी प्रभारी डॉ. योगेश कुमार गौतम की उपस्थिति में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड अभियान को गति देने की योजना तैयार की गई। शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अब राशन डीलर, सीएचओ (CHO) और फार्मासिस्टों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया गया है। किसे मिलेगा लाभ और क्या चाहिए दस्तावेज? सीएचसी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि मुख्य रूप से निम्नलिखित लोग इस योजना के पात्र हैं: अंत्योदय कार्ड धारक (गुलाबी राशन कार्ड)। बीपीएल धारक (लाल कार्ड वाले पात्र लाभार्थी)। अनिवार्य दस्तावेज: कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थी को अपना आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ ले जाना अनिवार्य है। महराजगंज ब्लॉक का लक्ष्य बैठक में बताया गया कि महराजगंज ब्लॉक क्षेत्र में कुल 24,000 कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से अब तक 9,000 कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि शेष 15,000 कार्डों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए कोटेदारों और आशा बहुओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर सप्लाई इंस्पेक्टर पंकज कुमार सहित स्वास्थ्य और विकास विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

संबंधित खबरें