अन्य
Azamgarh News: अहरौला में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 22 वर्षीय युवक की मौत, चार घायल
📅 07 Feb 2026, 15:41
👁️ 1 व्यूज
अहरौला (आजमगढ़):
आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माहुल-फुलवरिया मार्ग पर गौसपुर गांव के मोड़ के पास दो बाइकों की टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
दवा लेने जा रहा था युवक, पीछे से मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, कंदरा गांव निवासी बृजमोल यादव (22) अपने मौसा के लड़के रामप्रवेश (20) के साथ बाइक से माहुल बाजार दवा लेने जा रहा था। बाइक बृजमोल चला रहा था। जैसे ही दोनों गौसपुर गांव के मोड़ से आगे बढ़े, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज कि सड़क पर उछल गए बाइक सवार
दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर इधर-उधर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे में बृजमोल यादव के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
चार युवक गंभीर रूप से घायल
हादसे में घायल युवकों की पहचान इस प्रकार है—
रामप्रवेश (20)
आसिफ (20)
आफताब (21)
शारिक (19)
तीनों युवक बरामदपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही माहुल चौकी प्रभारी यश सिंह पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को माहुल स्थित अवध चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने रामप्रवेश की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं, मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडलीय चिकित्सालय की मोर्चरी भेजवाया। मृतक बृजमोल यादव दो भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर था। युवक की अचानक हुई मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।