अन्य
आजमगढ़: हत्या केस में वांछित 25 हजार का इनामी गैंगेस्टर तमंचे के साथ गिरफ्तार
📅 12 Mar 2026, 09:09
👁️ 1 व्यूज
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी गैंगेस्टर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला 28 मार्च 2025 का है। भरौली गांव निवासी अश्वनी चौहान दावत खाने जीयनपुर गया था। देर रात घर लौटते समय जमीन नरहन गांव के पास सड़क किनारे उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था।
मृतक की मां शिवकुमारी ने थाने में तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान कई आरोपियों के नाम सामने आए और पुलिस ने कुल नौ आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। वहीं एक आरोपी बाल अपचारी पाया गया।
पुलिस ने इस मामले में गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश यादव पुत्र रामसमुझ यादव निवासी दाउदपुर को वांछित घोषित किया था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बुधवार देर रात पुलिस टीम नरईपुर बाजार में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बक्खोपुर मार्ग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।