अपराध
आजमगढ़ में AEPS साइबर ठगी गैंग का सरगना गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड व मोबाइल बरामद
|
📅 03 Aug 2026, 03:46 PM
|
👁️ 46
|
📍 Azamgarh
आजमगढ़ में AEPS के जरिए साइबर ठगी करने वाले गैंग के सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किया।
आजमगढ़। जनपद की गम्भीरपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आधार आधारित बैंकिंग प्रणाली (AEPS) के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कूटरचित (फर्जी) आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ साइबर ठगी, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गम्भीरपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को मुखबिर की सूचना पर टीम ने रानीपुर-रजमों मोड़ से वांछित अभियुक्त सद्दाम पुत्र तौफिक, निवासी ग्राम रंजीतपट्टी मुहम्मदपुर, थाना गम्भीरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को संदिग्ध बैंक खातों और एटीएम हॉटस्पॉट की जांच के दौरान यश विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण में पता चला कि वह सद्दाम के साथ मिलकर आधार आधारित बैंकिंग प्रणाली (AEPS) और बायोमेट्रिक उपकरणों का दुरुपयोग करता था। आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि विभिन्न बैंक खातों से निकालकर कमीशन के आधार पर आपस में बांटते थे।
इस खुलासे के बाद सद्दाम की तलाश की जा रही थी। सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक कूटरचित आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस इन बरामद वस्तुओं की फॉरेंसिक जांच कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सद्दाम के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें साइबर ठगी के अलावा गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा मारपीट, लूट और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने जैसे मामलों से जुड़े मुकदमे भी शामिल हैं।
गम्भीरपुर थाने में इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। साथ ही साइबर ठगी से जुड़े बैंक खातों और लेन-देन की भी जांच की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।