आजमगढ़/जीयनपुर। जिले के जीयनपुर स्थित बैल बाजार के गोल्डन मैरिज हॉल में मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में एक दिवसीय विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सर्वसमाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व प्रत्याशी शंकर यादव रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बहुजन समाज पार्टी के कई मंडलों के प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्र रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. इंदु चौधरी मौजूद रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने की।
मंच से शंकर यादव के नाम की घोषणा
महासम्मेलन के दौरान मुख्य अतिथि दिनेश चंद्र ने मंच से शंकर यादव को आगामी विधानसभा चुनाव में सगड़ी विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी के रूप में नाम की घोषणा होते ही कार्यक्रम स्थल बसपा समर्थकों के नारों से गूंज उठा।
दिनेश चंद्र ने कहा कि वह बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर यहां पहुंचे हैं। उन्होंने सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह का प्रतीक बताया।
उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ की सगड़ी विधानसभा सीट समेत प्रदेश की अन्य सीटों पर भी बसपा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के पक्ष में लहर नहीं, बल्कि सुनामी चल रही है और विरोधी दल इससे परेशान हैं।
शंकर यादव ने जताया जनता का आभार
प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद शंकर यादव ने कहा कि वह लंबे समय से सगड़ी विधानसभा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद और समर्थन लगातार उन्हें मिल रहा है।
उन्होंने सर्वसमाज के लोगों के सहयोग से सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी को मजबूत करने और जनता की समस्याओं एवं आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में लोगों ने ग्रहण की बसपा की सदस्यता
महासम्मेलन के दौरान सर्वसमाज के साथ-साथ बड़ी संख्या में यादव समाज के लोगों ने भी बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने तथा शंकर यादव को सगड़ी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
महासम्मेलन में विनोद चौहान, इंदल राम, सबिहा अंसारी, पूर्व सांसद डॉ. बलराम, पंकज कुमार, रामविलास भास्कर, अजय कुमार, दीपक कुमार, विजय कुमार, अरुण सिंह, रंजीत चौहान, राशीद, श्रीराम, मुकेश, अरविंद कुमार, अफजल, अश्वनी कुमार, सुनील कुमार, अरुण कुमार पाठक, जगदीश कुमार, सीपी विमल, विजय प्रताप यादव, बालकरन, राजेंद्र प्रसाद, रमाकांत चौहान, राम प्रसाद, दुर्गा प्रसाद यादव, अर्जुन देव, जनार्दन राव, मोती चंद चौहान, सुरेंद्र और गुड्डू सहित बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
शंकर यादव की प्रत्याशी के रूप में घोषणा के बाद सगड़ी विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। आगामी चुनाव में बसपा की रणनीति और शंकर यादव की सक्रियता पर अब राजनीतिक जानकारों और क्षेत्र की जनता की नजर रहेगी।


