🏆 लीडरबोर्ड 🔐 Login 📝 Register
Breaking: Booth worker conference of Nishad Party in Atraulia, Cabinet Minister Dr. Sanjay Nishad filled with...
राजनीति

अतरौलिया में निषाद पार्टी का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने भरा जोश।

| 📅 17 Jul 2026, 02:55 PM | 👁️ 101 | 📍 बुढ़नपुर
अतरौलिया में निषाद पार्टी का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने भरा जोश। मदियापार मोड़ से दो किलोमीटर पैदल मार्च कर पहुंचे कार्यक्रम स्थल, कई लोगों ने ग्रहण की पार्टी की सदस्यता। निषाद पार्टी के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में गुरुवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही राजनीतिक ताकत का आधार है और कार्यकर्ताओं के बल पर ही पार्टी अपने लक्ष्य तक पहुंचेगी। सम्मेलन से पहले कैबिनेट मंत्री का मदियापार मोड़ पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद डॉ. संजय निषाद कार्यकर्ताओं के साथ करीब दो किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए अतरौलिया स्थित मनोज मैरिज हॉल पहुंचे, जहां सम्मेलन आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. संजय निषाद ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अब बूथ गठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले समाज के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का जो संकल्प लिया गया था, उसी का परिणाम है कि आज निषाद पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी है। उन्होंने दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी संगठन के विस्तार का दावा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अपने बच्चों के बेहतर भविष्य और समाज के अधिकारों के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि अतरौलिया विधानसभा में निषाद समाज की अच्छी भागीदारी है और संगठन की मजबूती से पार्टी को और बल मिलेगा। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रशांत कुमार सिंह का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे पार्टी के मजबूत नेता हैं और कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ संगठन को आगे बढ़ाएं। सम्मेलन का संचालन दिलीप निषाद ने किया। इस दौरान पूर्व प्रत्याशी प्रशांत कुमार सिंह, डॉ. अमित कुमार निषाद, चंद्रभान निषाद, अंगद निषाद, श्रीचंद निषाद, हीरा निषाद, विजय निषाद, जनक नंदिनी निषाद, पुष्पा निषाद, ज्योति कश्यप समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम, जायसवाल, तथा राजभर समाज के 2 दर्जन से अधिक लोगों ने प्रशांत सिंह के समर्थन में निषाद पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
← मुख्य पृष्ठ पर वापस जाएं