🏆 लीडरबोर्ड 📢 विज्ञापन दें 🔐 Login 📝 Register
See: First they used to organize marriages, then they used to run away with the bride; 7 member gang arre...
अपराध

पहले कराते थे शादी, फिर दुल्हन को लेकर हो जाते थे फरार; आजमगढ़ में 7 सदस्यीय गिरोह गिरफ्तार

Share:
| | 👁️ 8 | 📍 Azamgarh

बरदह पुलिस ने फर्जी शादी कर रुपये-जेवर लेकर फरार होने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर 19,650 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और दो बाइक बरामद की हैं।

आजमगढ़। शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह का बरदह पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह में शामिल पांच पुरुषों और दो महिलाओं समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य दुल्हन, उसके पिता, भाई और रिश्तेदार बनकर फर्जी शादी का पूरा ड्रामा रचते थे। शादी के बाद रुपये और जेवर लेकर फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को हरदोई जनपद के बिलग्राम थाना क्षेत्र निवासी रामबिलाश ने बरदह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे राजकुमार की शादी कराने के लिए व्हाट्सऐप के माध्यम से एक लड़की का फोटो भेजा गया था। इसके बाद उन्हें बंधवा महादेव मंदिर बुलाया गया, जहां राजकुमार की लड़की से शादी कराई गई। शादी के दौरान लड़की को नाक की कील और 80 हजार रुपये नकद दिए गए।

आरोप है कि शादी के बाद जब राजकुमार लड़की को लेकर घर जा रहा था, तभी बंधवा मोड़ के पास लड़की के कथित पिता, भाई और मनोज ने उसे वाहन से उतार दिया और लड़की तथा रुपये लेकर फरार हो गए।

ऐसे करते थे फर्जी शादी

पुलिस की पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने कथित तौर पर बताया कि वे ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे, जिनकी शादी नहीं हो पा रही थी। महिला सदस्य को दुल्हन बनाकर उसकी तस्वीर दिखाई जाती थी। शादी तय होने के बाद गिरोह के अन्य सदस्य लड़की के पिता, भाई और रिश्तेदार बनकर शादी में शामिल होते थे।

शादी के दौरान लड़के पक्ष से रुपये, आभूषण और कपड़े हासिल करने के बाद गिरोह के सदस्य विवाद और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर सामान लेकर फरार हो जाते थे। बाद में सामान को आपस में बांट लिया जाता था।

कोदहरा चौराहे से हुई गिरफ्तारी

11 सितंबर को उपनिरीक्षक मनीष सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी कोदहरा चौराहे पर दो मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांच पुरुषों और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 19,650 रुपये नकद, एक जोड़ी पायल, मंगलसूत्र, एक जोड़ी कान के झुमके, नाक की कील, सिन्दूर की डिब्बी, दो साड़ी, पैंट-शर्ट का कपड़ा और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बजरंगी बिन्द और बहादुर उर्फ राजू के दुल्हन के भाई तथा राजन विश्वकर्मा के दुल्हन के पिता की भूमिका निभाने की बात सामने आई। रामबिलाश और जय किशन उर्फ अजीत दुल्हन के रिश्तेदार बनकर शादी में शामिल हुए थे, जबकि गिरफ्तार महिला आरोपियों में से एक ने दुल्हन की भूमिका निभाई थी।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बजरंगी बिन्द के खिलाफ जौनपुर, देवरिया और आजमगढ़ में ठगी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं जय किशन उर्फ अजीत के खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ में चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

🔗 और लिंक देखें

📈 ट्रेंडिंग खबरें