🏆 लीडरबोर्ड 🔐 Login 📝 Register
ताजा अपडेट: महनगर म बड हदस म पलहमशवर दरशन क ज रह महल क डपर स कचलकर मत परवर म मच कहरम तन घयल 🔴 BREAKING
दुर्घटना

मेहनगर में बड़ा हादसा: मां पाल्हमेश्वरी दर्शन को जा रही महिला की डंपर से कुचलकर मौत, परिवार में मचा कोहराम, तीन घायल

Share:
| 📅 02 Jul 2026, 10:14 AM | 👁️ 55 | 📍 मेहनगर
आजमगढ़ मेहनगर थाना क्षेत्र के पवनी कला गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार 28 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी राजबली प्रजापति की पुत्री निशा प्रजापति (28) अपने भाई शकलदीप प्रजापति (30), 15 वर्षीय भतीजी प्रिया प्रजापति तथा एक वर्षीय मासूम बेटी सान्वी के साथ मोटरसाइकिल से मां पाल्हमेश्वरी धाम दर्शन-पूजन के लिए निकली थीं। परिवार में काफी समय से मन्नत थी और इसी को पूरा करने के लिए निशा गुरुवार को मायके से अपने भाई के साथ मंदिर जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही उनकी बाइक पवनी कला गांव के मोड़ के पास पहुंची, तभी पल्हना बाजार की ओर से मेहनगर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने अनियंत्रित होकर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान निशा डंपर के पहिए की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे भाई शकलदीप, भतीजी प्रिया और गोद में बैठी एक साल की सान्वी को मामूली चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए पीछा कर कुछ दूरी पर डंपर को रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निहारनंदन कुमार मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहनगर भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष निहारनंदन कुमार ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे की खबर मिलते ही ददरा गांव में मातम पसर गया। मृतका निशा की शादी तीन वर्ष पूर्व मिर्जापुर जनपद निवासी सुनील प्रजापति से हुई थी। वह करीब 20 दिन पहले ही अपनी एक साल की बेटी सान्वी को लेकर मायके आई थीं। परिजनों ने बताया कि निशा बहुत धार्मिक प्रवृत्ति की थीं और अक्सर मां पाल्हमेश्वरी धाम जाती थीं। गुरुवार को भी वह इसी आस्था के साथ घर से निकली थीं, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें छीन लिया। घटना के बाद भाई शकलदीप और भतीजी प्रिया का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मेहनगर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया डंपर चालक की लापरवाही सामने आ रही है। यह भी जांच की जा रही है कि डंपर ओवरलोड था या चालक नशे में था। रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पवनी कला मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, क्योंकि यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाना जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

🔥 ताज़ा खबरें

📈 ट्रेंडिंग खबरें