अपराध
फर्जी अभिलेखों से मदरसा अनुदान हड़पने का आरोपी प्रबंधक गिरफ्तार
|
📅 08 Jul 2026, 06:06 PM
|
👁️ 98
|
📍 सगड़ी
आजमगढ़। जीयनपुर थाना पुलिस ने आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच से जुड़े मदरसा अनुदान घोटाले के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मदरसा वीर अब्दुल हमीद शिक्षण संस्थान, मुजार के प्रबंधक पर कूटरचित अभिलेख तैयार कर शासकीय अनुदान प्राप्त करने का आरोप है। इस संबंध में वर्ष 2025 में थाना जीयनपुर में धोखाधड़ी, जालसाजी, अमानत में खयानत और फर्जी दस्तावेज तैयार करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी आलीम अली निवासी कुर्ती जाफरपुर हुसैनाबाद, थाना कोपागंज (मऊ) को जीयनपुर रोडवेज बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध इसी प्रकार के चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।