फरिहा स्टेशन पर मेल ट्रेन ठहराव, अंडरपास और फ्लाईओवर की मांग, प्रधान ने DRM को सौंपा ज्ञापन
|
📅 04 Jul 2026, 08:36 AM
|
👁️ 94
|
📍 Azamgarh
आजमगढ़ रानी की सराय विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फरिहा के ग्राम प्रधान अबूबकर खान ने उत्तर पूर्व रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन देकर फरिहा रेलवे स्टेशन के विकास से जुड़ी तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं। प्रधान ने ज्ञापन में फरिहा रेलवे स्टेशन पर मेल ट्रेनों का ठहराव शुरू करने, समपार संख्या-41 को पुनः बहाल करने अथवा वहां अंडरपास बनाने और गेट संख्या-40 पर फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण की मांग की है।
उन्होंने कहा कि मऊ-शाहगंज रेलखंड पर स्थित फरिहा स्टेशन जौनपुर, वाराणसी, मंदुरी हवाई अड्डा और अयोध्या मार्ग से जुड़े क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। स्टेशन से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित निजामाबाद तहसील अपनी ऐतिहासिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ ओडीओपी योजना में शामिल विश्व प्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी के लिए भी प्रसिद्ध है।
ग्राम प्रधान के अनुसार फरिहा स्टेशन पर मेल ट्रेनों के ठहराव से फरिहा सहित आसपास के सैकड़ों गांवों और लालगंज से मंदुरी तक के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि मऊ-शाहगंज रेलमार्ग पर माल ढुलाई के लिए सबसे बड़ा माल गोदाम फरिहा में स्थापित है, जिससे स्टेशन का महत्व और बढ़ गया है।
ज्ञापन में रेल संघर्ष समिति फरिहा एवं क्षेत्रीय जनता की ओर से समपार संख्या-41 को पुनः चालू करने अथवा अंडरपास निर्माण और गेट संख्या-40 पर फ्लाईओवर ब्रिज बनाने की मांग की गई है। ग्राम प्रधान ने रेल प्रशासन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।